PSEB 8th Class Hindi Solutions Chapter 5 पेड़

Punjab State Board PSEB 8th Class Hindi Book Solutions Chapter 5 पेड़ Textbook Exercise Questions and Answers.

PSEB Solutions for Class 8 Hindi Chapter 5 पेड़

Hindi Guide for Class 8 PSEB पेड़ Textbook Questions and Answers

(क) भाषा – बोध

I. शब्दार्थ:

स्वच्छ = साफ़।
विश्रामस्थल = आराम का स्थान
कोटर = वृक्षों की खोह, गह्वर।
नीड़ = घोंसला।
बरगद = बोहड़, वटवृक्ष।
वन-सम्पदा = वनों की दौलत।
लोलुप = लालची।
विभूतियाँ = सम्पत्तियाँ।
आशीष = आशीर्वाद।
पथिकों = मुसाफिरों।
पर्यावरण = वातावरण।
चिकित्सक = वैद्य, डॉक्टर।
भक्षक = खाने वाला।

PSEB 8th Class Hindi Solutions Chapter 5 पेड़

(ख) विषय – बोध

I. इन प्रश्नों के उत्तर एक या दो वाक्यों में लिखें.

प्रश्न (क)
धूल और धुएँ से दूषित वातावरण में पैदा होने वाले रोगों की कौनसी सर्वोत्तम दवा है ?
उत्तर:
दूषित वातावरण में, खाँसी, श्वास-रोग, हृदय रोग, कैंसर आदि घातक रोग पनपते हैं। इनसे बचने की एकमात्र दवा शुद्ध वायु है। यह केवल पेड़ों से ही उपलब्ध हो सकती है।

प्रश्न (ख)
पेड़ किस तरह अपनी ममता बरसाते हैं ?
उत्तर:
पेड़ मनुष्य को फल-फूल देकर अपनी ममता बरसाते रहते हैं।

प्रश्न (ग)
शरारती बच्चे पेड़ों से किस तरह फल प्राप्त करते हैं ?
उत्तर:
शरारती बच्चे उन पर पत्थर फेंक कर फल प्राप्त करते हैं।

प्रश्न (घ)
पक्षी और जीव-जन्तु पेड़ पर कहाँ-कहाँ घर बनाकर रहते हैं ?
उत्तर:
पक्षी पेड़ पर घोंसले बना कर रहते हैं। अन्य जीव-जन्तु पेड़ों की खोखल (खोह) में अपना आवास बनाते हैं।

प्रश्न (ङ)
नीम के पेड़ को बड़ा चिकित्सक क्यों कहा गया है ?
उत्तर:
नीम के सभी अंग अर्थात् जड़, छाल, पत्ते, फल-फूल किसी-न-किसी रोग का इलाज उपलब्ध कराते हैं। मधुमेह के रोगियों के लिए नीम वरदान है। इसके पत्ते, फलफूल रक्त-शोधक हैं। इसी कारण नीम को बड़ा चिकित्सक कहा गया है।

PSEB 8th Class Hindi Solutions Chapter 5 पेड़

प्रश्न (च)
पेड़ों को सोने के अण्डे देने वाली मुर्गी क्यों कहा गया है ?
उत्तर:
पेड़ मानव-जाति के लिए हर प्रकार से उपयोगी हैं। मनुष्य को फल-फूल, जड़ी-बूटियाँ, लकड़ी पेड़ों से ही प्राप्त होती है। इसी कारण इन्हें सोने का अंडा देने वाली मुर्गी कहा गया है।

प्रश्न (छ)
पाँच फल देने वाले पेड़ों के नाम लिखें।
उत्तर:
(1) आम
(2) जामुन
(3) अनार
(4) सेब
(5) खजूर।

PSEB 8th Class Hindi Solutions Chapter 5 पेड़

II. इन प्रश्नों के उत्तर चार-पाँच वाक्यों में लिखें

प्रश्न (अ)
प्रस्तुत कविता ‘पेड़’ का सारांश अपने शब्दों में लिखें।
उत्तर:
‘पेड़’ कविता का सारांश पहले दिया जा चुका है।

प्रश्न (आ)
पेड़ों को उगाना और उनकी रक्षा करना मनुष्य के लिए क्यों आवश्यक
उत्तर:
मानव-सभ्यता का विकास करने में पेड़ों का योगदान सभी को ज्ञात है। हम अपने जीवन बिताने के लिए जो कुछ खाते हैं, वह पेड़-पौधों की ही देन है। सभी प्रकार के फल जैसे-आम, सेब, अंगूर, आदि मधुर फल हमें पेड़ों से ही प्राप्त होते हैं। सभी प्रकार की सब्जियाँ और दालें भी पौधों से ही प्राप्त होती हैं। हमारे घरों में जितना भी फर्नीचर है, दरवाजे और खिड़कियाँ हैं, उनकी लकड़ी हमें पेड़ों से ही प्राप्त होती है। हमारे आवागमन को सुविधापूर्ण बनाने में पेड़ों की महत्त्वपूर्ण भूमिका है। रेलगाड़ियों के डिब्बे और पटड़ियों के आधार पेड़ों से प्राप्त लकड़ी से ही तैयार होते हैं। पेड़ों की लकड़ी ईंधन के रूप में भी प्रयुक्त होती है। इन्हीं कारणों से मनुष्य को पेड़ लगाने चाहिए। पेड़ वातावरण को भी स्वच्छ रखते हैं अतः मनुष्य के लिए पेड़ लगाना आवश्यक है।

(ग) व्यावहारिक व्याकरण

I. इन काव्य-पंक्तियों में से क्रिया-शब्द छाँटिए

हरियाली-आशीष बाँटते,
भरते जीवन की झोली।
वर्षा लाते अन्न उगाते,
बरसाते ममता भोली।
उत्तर:
बाँटते, भरते, लाते उगाते, बरसाते क्रिया-शब्द हैं।

II. इन शब्दों के समानार्थक शब्द देंपेड़, मानव, हवा, फूल, नज़र, पक्षी, हाथ, नीड़।

उत्तर:
पेड़ = वृक्ष, तरु। मानव = मनुष्य, इन्सान, नर। हवा = वायु, अनिल। फूल = कुसुम, पुष्प। नज़र = दृष्टि, निगाह। पक्षी = खग, विहग। नीड़ = घोंसला, घरोंदा। हाथ = हस्त, कर।

PSEB 8th Class Hindi Solutions Chapter 5 पेड़

III. विपरीतार्थक शब्द लिखेंरक्षक, प्राणी, रोग, लाभ, धूप, ताज़ा, दुःख, स्वागत।

रक्षक – …………….
प्राणी – …………….
रोग – …………….
लाभ – …………….
धूप – …………….
ताज़ा – …………….
दुःख – …………….
स्वागत – …………….
उत्तर:
रक्षक – भक्षक।
प्राणी – अप्राणी (जड़)।
रोग – नीरोग।
लाभ – हानि।
धूप – छाया।
ताज़ा – बासी।
दुःख – सुख।
स्वागत – तिरस्कार।

PSEB 8th Class Hindi Solutions Chapter 5 पेड़

IV. शुद्ध करके लिखें

अशुद्ध – शुद्ध रूप
विशराम – …………….
चीकित्सक – …………….
कुलहाड़ा – …………….
विभूती – …………….
लोलूप – …………….
सम्पधा – …………….
भाशा – …………….
उत्तर:
अशुद्ध – शुद्ध रूप
विशराम – विश्राम
चीकित्सक – चिकित्सक
कुलहाड़ा – कुल्हाड़ा.
विभूती – विभूति
लोलूप – लोलुप।
सम्पधा – संपदा
भाशा – भाषा।

V. निम्नलिखित समासों का विग्रह. करें तथा समास का नाम बतायें :

विश्राम स्थल = …………….
जीव-जन्तु = …………….
वन सम्पदा = …………….
पीपल-बरगद = …………….
उत्तर:
विश्राम स्थल = विश्राम के लिए स्थल – संप्रदान तत्पुरुष समास

जीव-जन्तु = जीव और जन्तु – द्वंद्व समास
वन-सम्पदा = वन की सम्पदा – संबंध तत्पुरुष समास
पीपल-बरगद = पीपल और बरगद – द्वंद्व समास।

PSEB 8th Class Hindi Solutions Chapter 5 पेड़

VI. निम्नलिखित की संधि विच्छेद करें :

स्वच्छ – …………….
पर्यावरण – …………….
मनोरम – …………….
स्वागत – …………….
वर्षर्तु – …………….
उत्तर:
स्वच्छ – सु + अच्छ
पर्यावरण – परि + आवरण
मनोरम – मनः + रम
स्वागत – सु + आगत
वर्षर्तु – वर्षा + ऋतु।

(घ) रचना – भाग

I. ‘पेड़ों’ का हमारे जीवन में महत्त्व’ विषय पर एक 150 शब्दों का निबन्ध । लिखें।

उत्तर:
पेड़ों का हमारे जीवन में महत्त्व
प्राय : कहा जाता है कि पेड़-पौधे ही हमारा जीवन हैं। यह कथन पूरी तरह से सत्य है। पेड़-पौधे हम सब जीवों के लिए प्रकृति के अद्भुत उपहार हैं और इन्हीं के कारण हम सब का जीवन संभव है। यदि पेड़-पौधे न हों तो धरती पर अन्य प्राणियों का जीवन संभव नहीं हो सकता। पेड़-पौधे ही सूर्य के प्रकाश में अपना भोजन स्वयं तैयार करते हैं। वे स्वयं जीवित रहते हैं और अन्य सभी प्राणी उन से ही किसी-न-किसी रूप में जीवन प्राप्त करते हैं। पेड़-पौधे ही हमें सांस लेने के लिए ऑक्सीजन प्रदान करते हैं। पेड़ हमें भयानक से भयानक रोगों को समाप्त करने वाली अमूल्य औषधियां प्रदान करते हैं। इन्हीं से हमें तरहतरह के फल प्राप्त होते हैं; पौधे हमें सब्ज़ियाँ और अनाज प्रदान करते हैं जिन से आवश्यक पोषक तत्वों की प्राप्ति होती है। ये ही प्राकृतिक खाद प्रदान करते हैं जिनसे फसलें उगती हैं और भूमि की उपजाऊ शक्ति बढ़ती है। पेड़-पौधों के महत्त्व के कारण ही प्राचीनकाल में ऋषि-मुनि वनों में रहते थे और वहीं अपने शिष्यों को शिक्षा दिया करते थे। युगों से बढ़, पीपल, तुलसी, नीम आदि को जीवन में अति महत्त्वपूर्ण माना जाता रहा है। हरे वक्षों को काटना पाप माना जाता है। संध्या के बाद किसी पत्ते को तोड़ने का निषेध है। पेड़ वर्षा लाने में सहायक होते हैं। प्राचीन काल में जब कागज़ की खोज नहीं हुई थी तो भोज पत्तों पर ही लिखा जाता था। आदि मानव ने सदियों तक वृक्षों की छाल को अपने वस्त्रों के समान प्रयोग किया था। उनकी टहनियों को अस्त्र-शस्त्र की तरह प्रयुक्त किया था। जब वह सभ्य हुआ तो उन्हीं की सहायता से अपनी झोंपड़ियां और घर बनाए थे। आज भी पेड़ों से प्राप्त लकड़ी का घर में भरपूर प्रयोग किया जाता है। फर्नीचर इसी से ही तो बनता है। पेड़ों की रक्षा हर अवस्था में की जानी चाहिए। यदि किसी भी कारण हमें एक पेड़ काटना पड़े तो उसकी जगह दो पेड़ लगाने चाहिए और उनकी रक्षा की जानी चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति और समाज को पेड़ों का महत्त्व समझना चाहिए।

PSEB 8th Class Hindi Solutions Chapter 5 पेड़

II. अपने मित्र को पत्र लिखकर अपने स्कूल में होने वाले ‘वन-महोत्सव’ का वर्णन करें।

उत्तर:
48-सराभा नगर,
लुधियाना।
सितम्बर 17, 20….
प्रिय सखी नव्या,
नमस्ते।

मैं तुम्हें बहुत लम्बे समय के बाद पत्र लिख रही हूँ। तुम्हारा भी तो कोई पत्र नहीं आया था। शायद तुम्हें पढ़ाई और परीक्षाओं में उलझ कर समय नहीं मिला होगा। मैं पिछले सप्ताह तक अपने स्कूल के एक कार्यक्रम के कारण बहुत व्यस्त थी। हमारे स्कूल में वन महोत्सव इस बार बड़े उत्साह से मनाया गया था और मुझे भी इस कार्यक्रम के लिए कुछ ज़िम्मेदारियों को सौंपा गया था। सच मुझे कार्यक्रम में सहभागी बन कर बहुत अच्छा लगा। कार्यक्रम से पंद्रह दिन पहले ही सब कक्षाओं में पर्यावरण बचाओ’ शीर्षक से चित्रकलाप्रतियोगिता का हर कक्षा में आयोजन किया गया था और सभी से दस-दस श्रेष्ठ प्रवृष्टियां ले कर उन्हें मुख्य हॉल में सजाया गया था। माली ने स्कूल के चारों ओर की दीवार के साथ-साथ पौधे लगाने के लिए गड्ढे खोद दिए थे। जिस दिन मुख्य कार्यक्रम था उसमें एक दिन पहले शाम के समय दो सौ फूलों-फलों के पौधे नर्सरी से स्कूल में मंगवा लिए थे। मुख्य कार्यक्रम में नगर के उपायुक्त महोदय को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था। वे ठीक समय पर पहुँच गए थे। पहले उनका स्वागत किया गया और फिर एक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया जिसमें पर्यावरण संबंधी एक नाटिका भी प्रस्तुत की गई थी। मुख्य अतिथि के भाषण के बाद पौधों में से एक को रोपित किया गया था। अन्य पौधे अध्यापकों और विद्यार्थियों ने लगाए थे। उन पौधों की देखभाल की ज़िम्मेदारी माली के साथ-साथ हम विद्यार्थियों को भी दी गई है। जब पेड़-पौधे बड़े हो जाएंगे तब हमारा स्कूल हरा-भरा दिखाई देने लगेगा। तुम भी मुझे स्कूल के बारे में कुछ लिखना। अच्छा, अब बस करती हूँ।

अंकल-आंटी को मेरी ओर से नमस्ते।
तुम्हारी सखी,
मान्या।

III. एक-एक पौधा लगायें और उसकी देखभाल करें।

उत्तर:
आप अपनी मनपसंद का पौधा लगायें और उसकी देखभाल करें।

PSEB 8th Class Hindi Guide पेड़ Important Questions and Answers

बहुविकल्पीय प्रश्न निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर सही विकल्प चुनकर लिखें

प्रश्न 1.
‘पेड़’ कविता के कवि कौन हैं ?
(क) डॉ. बच्चन
(ख) डॉ. योगेन्द्र बख्शी
(ग) डॉ. संसार चन्द्र
(घ) डॉ. पंत।
उत्तर:
डॉ. योगेन्द्र बख्शी।

प्रश्न 2.
पेड़ झूम-झूम कर क्या देते हैं ?
(क) फल
(ख) फूल
(ग) पत्ते
(घ) हवा।
उत्तर:
हवा।

PSEB 8th Class Hindi Solutions Chapter 5 पेड़

प्रश्न 3.
पेड़ किनके विश्राम स्थल हैं ?
(क) छाया के
(ख) धरती के
(ग) पथिकों के
(घ) जल के।
उत्तर:
पथिकों के।

प्रश्न 4.
पेड़ पक्षियों को क्या देते हैं ?
(क) कोटर
(ख) नीड़
(ग) पीड़ा
(घ) छाया।
उत्तर:
नीड़।

प्रश्न 5.
कवि ने बड़ा चिकित्सक’ किस पेड़ को बताया है ?
(क) आम
(ख) अमरूद
(ग) कीकर
(घ) नीम।
उत्तर:
नीम।

सप्रसंग व्याख्या

1 झूम-झूम कर पेड़ कह रहे
यह लो ताज़ा स्वच्छ हवा,
धूल धुएँ से दूषित जग के,
रोगों की है यही दवा।

शब्दार्थ : स्वच्छ = साफ़। दूषित = गन्दा। जग = संसार। रोगों = बीमारियों।

प्रसंग : प्रस्तुत पद्यांश हमारी हिन्दी की पाठ्य-पुस्तक में संकलित ‘पेड़’ कविता में से लिया गया है। कविता के रचयिता डॉ० योगेन्द्र बख्शी हैं। इसमें पेड़ों की महिमा का वर्णन किया गया है।

व्याख्या:
पेड़ मानव समाज को झूम-झूम कर कह रहे हैं कि ताज़ा और स्वच्छ हवा लो। पेड़ ही वायु को शुद्ध कर देते हैं। धूल और धुएँ से दूषित हुए इस संसार को यही पेड़ बीमारियों से छुटकारा दिलाते हैं। भाव यह है कि पेड़ धूल और धुएँ को दूर करते हैं और रोगों से मुक्ति दिलाते हैं।

विशेष

  1. कवि ने पेड़ों की देन की ओर संकेत किया है।
  2. भाषा सरल, सरस और सहज है।

PSEB 8th Class Hindi Solutions Chapter 5 पेड़

2 हरियाली-आशीष बाँटते।
भरते जीवन की झोली।
वर्षा लाते, अन्न उगाते,
बरसाते ममता भोली।

शब्दार्थ : आशीष = आशीर्वाद। जीवन = ज़िन्दगी। वर्षा = बरसात। ममता = ममत्व, प्यारा।

प्रसंग:
यह पद्यांश डॉ० योगेन्द्र बख्शी द्वारा रचित ‘पेड़’ नामक कविता से लिया गया है। इसमें कवि ने पेड़ों के महत्त्व को प्रकट किया जो हमारे जीवन के लिए आवश्यक होते हैं।

व्याख्या:
पेड़ मानव समाज को हरियाली का आशीर्वाद बाँटते हैं। ये मनुष्य की झोली खुशियों से भर देते हैं। पेड़ वर्षा लाने में सहायक सिद्ध होते हैं। यही अन्न पैदा करने में मददगार बनते हैं। ये अपना भोला प्यार बरसाते रहते हैं। भाव यह है कि पेड़ हरियाली प्रदान कर मानव को प्रसन्न रखते हैं।

विशेष:

  1. कवि ने पेड़ों की उपयोगिता की ओर संकेत किया है।
  2. भाषा सरल और सरस है।

3 विश्रामस्थल ये पथिकों के,
कड़ी धूप में दे छाया।
पत्थर फेंक रहे हाथों ने,
भी इनसे मधु फल पाया।

शब्दार्थ : विश्रामस्थल = आराम का स्थान। पथिकों = मुसाफिरों। मधु = मीठा।

प्रसंग : यह पद्यांश डॉ योगेन्द्र बख्शी द्वारा रचित ‘पेड़’ नामक कविता से लिया गया है। इसमें कवि ने पेड़ों के महत्त्व को प्रकट किया जो हमारे जीवन के लिए आवश्यक होते

व्याख्या:
पेड़ों की महिमा का गुण-गान करते हुए कवि कहता है कि ये थके-मांदे मुसाफिरों के लिए आराम करने का स्थल प्रदान करते हैं अर्थात् थके-हारे मुसाफ़िर इसकी शीतल छाया में आराम करते हैं। ये उन्हें कड़कती धूप में छाया प्रदान करते हैं। पेड़ों की महिमा का कहाँ तक बख़ान करें, जो हाथ इन पर पत्थर फेंकते हैं, उन्हें भी ये मीठे फल प्रदान करते हैं। भाव यह है कि हम पेड़ों की बहुत उपेक्षा करते हैं, जबकि पेड़ हमें स्वच्छ वायु, फल, लकड़ी एवं छाया प्रदान करते हैं।

विशेष:

  1. कवि ने पेड़ों के महत्त्व को स्पष्ट किया है।
  2. भाषा सरल, सरस और सहज है।

PSEB 8th Class Hindi Solutions Chapter 5 पेड़

4 जीव-जन्तुओं को कोटर दें,
पक्षी को देते हैं नीड़।
पर्यावरण मनोरम करते,
प्राणी का दुःख इनकी पीड़।

शब्दार्थ : कोटर = वृक्षों की खोह, गह्वर। नीड़ = घोंसला। पर्यावरण = वातावरण। मनोरम = सुन्दर, मन को अच्छा लगने वाला। प्राणी = जीव। पीड़ = दुःख।

प्रसंग:
यह पद्यांश ‘पेड़’ नामक कविता से लिया गया है। यह डॉ० योगेन्द्र बख्शी द्वारा रचित है। इसमें कवि ने पेड़ों के महत्त्व को प्रकट किया जो हमारे जीवन के लिए आवश्यक होते हैं।

व्याख्या:
कवि वृक्षों के महत्त्व को प्रतिपादित करते हुए कहता है-ये सभी जीवजन्तुओं को रहने के लिए तनों में बने खोह (कोटर) प्रदान करते हैं। उड़ने वाले पक्षियों को ये घोंसले देते हैं। अधिकतर पक्षी वृक्षों पर अपने घोंसले बनाते हैं। ये पेड़ वातावरण को सुन्दर एवं स्वच्छ बनाते हैं। हर जीव के दुःख को ये अपना दुःख मानते हैं। भाव है कि पेड़ समस्त मानव जाति एवं जीव-जन्तुओं को हमेशा देते ही हैं, उनसे कुछ लेते नहीं।

विशेष:

  1. कवि ने पेड़ों की उपयोगिता प्रकट की है।
  2. भाषा सरल, सरस और सहज है।

5 पीपल बरगद युगों-युगों से,
अपने बनते रहे हकीम।
सारी नज़रें टिकी उसी पर,
बड़ा चिकित्सक अपना नीम।

शब्दार्थ : बरगद = बोहड़, वटवृक्ष। चिकित्सक = वैद्य, डॉक्टर।
प्रसंग : प्रस्तुत अवतरण ‘पेड़’ नामक कविता से लिया गया है। इस कविता के कवि डॉ० योगेन्द्र बख्शी हैं। कवि ने पेड़ों के महत्त्व को इस माध्यम से प्रकट किया है।

व्याख्या:
कवि कहता है-अति प्राचीनकाल से ही पेड़ के विभिन्न भाग औषधि के रूप में प्रयुक्त होते रहे हैं। पीपल और बरगद तो हकीम के रूप में सिद्ध हुए हैं। आज के नवीन अनुसंधानों ने भी सिद्ध कर दिया कि नीम का पेड़ रोगों का उपचार करने वाला बहुत बड़ा वैद्य है। भाव यह है कि पेड़ हमें अनेक प्रकार की जीवनदायी जड़ी-बूटियाँ भी प्रदान करते हैं।

विशेष:

  1. कवि ने पेड़ों के महत्त्व को प्रकट किया है।
  2. सामान्य बोलचाल के शब्दों का प्रयोग किया है।

PSEB 8th Class Hindi Solutions Chapter 5 पेड़

6 सोने के अण्डे देती,
मुर्गी पर तने, कुल्हाड़े अब।
थोड़ा लाभ प्राप्त करने हित
लोलुप नज़रें गाड़े अब।

शब्दार्थ : लाभ = फायदा। प्राप्त = पाना, ग्रहण करना। करने हित = करने के लिए। लोलुप = लालची।

प्रसंग : प्रस्तुत अवतरण ‘पेड़’ नामक कविता से लिया गया है। इस कविता के रचयिता डॉ० योगेन्द्र बख्शी हैं। कवि ने पेड़ों के महत्त्व को इस माध्यम से प्रकट किया है।

व्याख्या:
कवि पेड़ों की अन्धा-धुन्ध कटाई पर क्षुब्ध होकर कहता है-पेड़ तो सोने का अण्डा देने वाली मुर्गी के समान हैं। उस पर मनुष्य ने कुल्हाड़े तान लिए हैं। उन्हें काटने पर उतारू हो गया है। यह तो मानव की हीन प्रवृत्ति है कि थोड़ा-सा लाभ प्राप्त करने के लिए उन पर लालची नजरें गड़ा रखी हैं। भाव है कि थोड़े से लाभ के लिए वृक्षों को काटना निंदनीय है।

विशेष:

  1. कवि ने मनुष्य के लालची और स्वार्थी स्वभाव को प्रकट किया है।
  2. भाषा सरल और सरस है।

7 वन-सम्पदा धरोहर अपनी,
प्राणि मात्र की रक्षक है।
इसका नाश करेगा जो भी,
मानवता का भक्षक है।

शब्दार्थ : वन-सम्पदा = वनों की दौलत। धरोहर = विरासत। प्राणि मात्र = सब जीवों। रक्षक = रक्षा करने वाला। मानवता = इन्सानियत। भक्षक = खाने वाला।

प्रसंग : प्रस्तुत अवतरण ‘पेड़’ नामक कविता से लिया गया है। इस कविता के रचयिता डॉ० योगेन्द्र बख्शी हैं। कवि ने पेड़ों के महत्त्व को इस माध्यम से प्रकट किया है।

व्याख्या:
कवि कहता है कि वन हमें विरासत में मिली एक महान् दौलत हैं। वनसम्पदा जीव मात्र की रक्षा करती है। जो भी इसे नष्ट करेगा, वह इन्सानियत का भक्षक होगा। भाव है कि वन-सम्पदा हमारी धरोहर है, इसकी रक्षा करना हमारा परम कर्त्तव्य है।

विशेष:

  1. कवि ने पेड़ काटने वालों को बुरा माना है।
  2. भाषा सरल, सरस और सहज है।

PSEB 8th Class Hindi Solutions Chapter 5 पेड़

8 रंग-बिरंगे गंध भरे,
फूलों की भाषा में स्वागत।
पाना है तो पेड़ उगाओ,
ये विभूतियाँ बिन लागत।

शब्दार्थ : गन्ध = खुशी। स्वागत = आने पर खुशी। विभूतियाँ = सम्पत्तियाँ।

प्रसंग:
प्रस्तुत अवतरण ‘पेड़’ नामक कविता से लिया गया है। इसके कवि डॉ० योगेन्द्र बख्शी हैं। कवि ने पेड़ों के महत्त्व को इस माध्यम से प्रकट किया है।

व्याख्या:
कवि कहता है कि पेड़ विविध रंगों वाले हैं, जो खुशबू से भरे रहते हैं। ये अपने फूलों की भाषा में सबका स्वागत करते हैं। यदि बिना मूल्य दिए बहुमूल्य दौलत प्राप्त करनी है तो सबको मिलकर पेड़ लगाने चाहिए। भाव है कि पेड़ मानव जाति की अमूल्य सम्पत्ति हैं, सभी को पेड़ लगाने चाहिए।

विशेष:

  1. कवि ने पेड़ों की उपयोगिता के कारण इन्हें उगाने की प्रेरणा दी है।
  2. भाषा सरल और सरस है।

PSEB 8th Class Hindi Solutions Chapter 5 पेड़

पेड़ Summary

पेड़ कविता का सार

‘पेड़’ डॉ० योगेन्द्र बख्शी के द्वारा रचित कविता है। इसमें कवि ने पेड़ों की महिमा का गान किया है। पेड़ पर्यावरण की रक्षा करते हैं। इन्हीं से वायु स्वच्छ होती है। संसार को धुएँ और धूल से दूर करके यही रोगों से मुक्ति दिलाते हैं। पेड़ हरियाली लाते हैं। यही वर्षा लाते हैं और अन्न पैदा करते हैं। झुलसती गर्मी में ये पथिकों को छाया प्रदान करते हैं। हमें मधुर फल भी पेड़ से प्राप्त होते हैं। पेड़ ही जीव-जन्तुओं और पक्षियों को सहारा देते हैं। पर्यावरण को स्वच्छ बनाकर सभी प्राणियों को सुख पहुँचाते हैं। पीपल, बरगद युगों से हकीम बन कर प्राणियों के रोग दूर करते आए हैं। नीम अनेक रोगों को दूर करता रहा है और वह हमारा बड़ा चिकित्सक सिद्ध होता है। पेड़ तो सोने का अण्डा देने वाली मुर्गी के समान है। मनुष्य की लोभी नज़रें इसी पर कुल्हाड़ा चला रही हैं। वन-सम्पदा को जो भी नष्ट करता है, वह मानवता का भक्षक है। पेड़ धरती की विभूतियाँ हैं। इनकी रक्षा करना सबका कर्त्तव्य है।

Leave a Comment