PSEB 12th Class Hindi Solutions Chapter 11 गिरिजा कुमार माथुर

Punjab State Board PSEB 12th Class Hindi Book Solutions Chapter 11 गिरिजा कुमार माथुर Textbook Exercise Questions and Answers.

PSEB Solutions for Class 12 Hindi Chapter 11 गिरिजा कुमार माथुर

Hindi Guide for Class 12 PSEB गिरिजा कुमार माथुर Textbook Questions and Answers

(क) लगभग 40 शब्दों में उत्तर दो:

प्रश्न 1.
‘आदमी का अनुपात’ कविता में कवि ने मानव की संकीर्ण सोच और उसकी अहम् की भावना का चित्रण किया है-अपने शब्दों में लिखो।
उत्तर:
कवि ने प्रस्तुत कविता में दो व्यक्तियों के एक ही कमरे में रहते हुए अलग-अलग रास्ते पर चलने, मिलजुल कर न रह सकने को उसकी संकीर्ण सोच का कारण बताया है। उसमें आपसी सहयोग की कमी भी इसी भाव के अन्तर्गत . आती है। मानव कल्याण के लिए यह मानसिक संकीर्णता उपयुक्त नहीं है।

प्रश्न 2.
विशाल संसार में मनुष्य का अस्तित्व क्या है ? प्रस्तुत कविता के आधार पर लिखो।
उत्तर:
इस विशाल संसार के अनेक ब्रह्माण्डों में से एक में मनुष्य रहता है। इस विशाल संसार में अनेक पृथ्वियाँ, भूमियाँ और सृष्टियाँ हैं। अतः आदमी का इस संसार में स्थान बहुत छोटा है। इतना छोटा कि वह किसी सूरत में विशाल संसार की बराबरी नहीं कर सकता। उसका अस्तित्व अत्यन्त तुच्छ है।

प्रश्न 3.
‘आदमी का अनुपात’ कविता का सार अपने शब्दों में लिखें।
उत्तर:
कवि का मानना है कि आदमी का अस्तित्व उस विराटःसत्ता के सामने तुच्छ है। आदमी इस बात को समझता हुआ भी ईर्ष्या, अभिमान, स्वार्थ, घृणा और अविश्वास में पड़कर मानव कल्याण के रास्ते में रुकावटें खड़ी कर रहा है। वह अपने को दूसरों का स्वामी समझता है। ऐसे में भला वह दूसरों से कैसे मिलजुल कर रह सकता है। देश तो एक है किन्तु आज का आदमी इतने संकुचित दृष्टिकोण वाला, इतना व्यक्तिवादी हो गया है कि एक कमरे में रहने वाले दो व्यक्ति भी आपस में मिलजुल कर नहीं रह सकते। उन दोनों के रास्ते अलग और विचार अलग हैं। मानवता के कल्याण के लिए यह भावना सर्वथा अनुपयुक्त है।

PSEB 12th Class Hindi Solutions Chapter 11 गिरिजा कुमार माथुर

प्रश्न 4.
‘पन्द्रह अगस्त’ माथुर जी की राष्ट्रीयवादी कविता है-स्पष्ट करें।
उत्तर:
श्री माथुर जी के द्वारा रचित कविता पन्द्रह अगस्त एक राष्ट्रवादी कविता है। इसमें कवि ने राष्ट्रवादियों को सम्बोधित करते हुए राष्ट्र की स्वतन्त्रता को बनाए रखने एवं उसकी सुरक्षा करने का आह्वान किया है। भले ही हम अंग्रेजों की गुलामी से मुक्त हो गए हैं किन्तु उनका प्रभाव बराबर बना हुआ है। इस पर हमें बाहरी और भीतरी शत्रुओं का भय भी बना हुआ है। बाहरी शत्रु कभी भी हम पर आक्रमण कर सकता है। उससे हमें लड़ना होगा और भीतरी शत्रु जैसे अभाव, ग़रीबी, बेरोज़गारी, साम्प्रदायिकता से भी हमें लड़ना होगा। किन्तु कवि को विश्वास है कि जन आन्दोलन राष्ट्र को सदा गतिशील बनाए रखेगा।

प्रश्न 5.
‘पन्द्रह अगस्त’ कविता का सार लिख कर इस का प्रतिपाद्य स्पष्ट करें।
उत्तर:
माथुर जी के काव्य संग्रह ‘धूप के धान’ में संकलित ‘पन्द्रह अगस्त’ शीर्षक कविता में शताब्दियों की दासता से मुक्ति के दिन पन्द्रह अगस्त, सन् 1947 के दिन के संदर्भ में नव-निर्माण की चिन्ता और सावधानी का स्वर मुखरित हुआ है। – कवि कहते हैं कि पन्द्रह अगस्त जीत की रात है। इस दिन कड़े संघर्ष के बाद अंग्रेज़ी शासन से मुक्ति पाई थी। स्वतन्त्र होने पर देश में निर्माण के अनेक मार्ग खुल गए हैं किन्तु हे भारतवासियो ! तुम्हें सावधान रहना होगा। स्वतन्त्रता प्राप्ति के बाद देश का यह पहला चरण ही है।

इस स्वतन्त्रता को जन आन्दोलन से प्राप्त किया गया है और इसकी पहली रत्नमयी हिलोर उठी है। जीवन रूपी मोतियों के इस सूत्र में अभी सुख-समृद्धि के अनेक मोती पिरोये जाने शेष हैं। किन्तु स्वतन्त्रता प्राप्ति के लिए किए जाने वाले संघर्ष के दौरान झेले जाने वाले कष्टों, दुःखों की याद किसी काले किनारे के समान अभी तक बनी हुई है अर्थात् पुराने दुःखों का इतिहास अभी समाप्त नहीं हुआ है। अतः हे भारतवासियो ! तुम्हें गम्भीर सागर से महान् बन कर समय की पतवार को अपने हाथों में थामना होगा।

भले ही आज पराधीनता की जंजीरें टूट गई हैं। पुराने साम्राज्य के सारे चिह्न मिट गए हैं। किन्तु अभी तक शत्रु, बाहरी और भीतरी, का खतरा बना हुआ है। अंग्रेज भले ही चले गए परन्तु अभी उनका प्रभाव नष्ट नहीं हुआ। भारतीय स्वतन्त्रता अभी तक भयमुक्त नहीं हुई है। किन्तु हमें विश्वास है कि स्वाधीनता के साथ जन जीवन में नई चेतना, नई ज़िन्दगी का संचार होगा। प्रस्तुत कविता में स्वाधीनता दिवस के हर्षोल्लास को प्रकट करते हुए नव-निर्माण की चिन्ता और सावधानी के स्वर प्रवलतर हैं। हर्ष और भय, उल्लास और चिन्ता के द्वन्द्व से निर्मित जटिल राग बोध के निरूपण की दृष्टि से प्रस्तुत कविता उल्लेखनीय है।

(ख) सप्रसंग व्याख्या करें:

प्रश्न 6.
ऊँची हुई मशाल …… सावधान रहना।
उत्तर:
कवि कहता है कि स्वतन्त्रता प्राप्त करके हमारी मशाल ऊँची हो गई है किन्तु आगे रास्ता बड़ा कठिन है। अंग्रेज़ रूपी शत्रु तो चले गए हैं परन्तु अभी उनका प्रभाव पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ तात्पर्य यह है कि भारतीय स्वतन्त्रता अभी तक पूरी तरह भयमुक्त नहीं हुई है, अभी तक बाहरी और भीतरी शत्रु का भय बना हुआ है। हमारा समाज अंग्रेज़ी दमन के कारण मुर्दे के समान हो चुका है.। इस पर हमारा अपना घर भी कमज़ोर है किन्तु हम में एक नई ज़िन्दगी आ रही है यह अमर-विश्वास है। आज जनता रूपी गंगा में तूफान उठ रहा है अतः अरी लहर तुम गतिशील रहना। हे भारतवासियो ! अपनी स्वतन्त्रता की रक्षा के लिए तुम सदा सावधान रहना, जागरूक रहना।

प्रश्न 7.
इस पर भी आदमी………दो दुनिया रचाता है।
उत्तर:
कवि कहता है कि यह जान लेने पर भी कि आदमी उस विराट के आगे बहुत छोटा है, वह ईर्ष्या, अहंकार स्वार्थ, घृणा और अविश्वास में डूबा रहता है और अनगिनत शंख के समान कठोर दीवारें खड़ी करता है अर्थात् मानवता के विकास में अनेक बाधाएँ खड़ी करता है। वह अपने को दूसरों का स्वामी बताता है। ऐसी हालत में देशों की बात कौन कहे आदमी एक कमरे में भी दो दुनिया बनाता है अर्थात् एक कमरे में रहने वाले दो व्यक्ति भी मिल कर नहीं रह सकते। दोनों ही अपने-अपने रास्ते पर चलते हैं, एक-दूसरे से परे रहते हैं। मानव कल्याण के लिए यह स्थिति उपयुक्त नहीं है।

PSEB 12th Class Hindi Guide गिरिजा कुमार माथुर Additional Questions and Answers

अति लघूत्तरात्मक प्रश्न

प्रश्न 1.
गिरिजा कुमार माथुर का जन्म कहाँ और कब हुआ था?
उत्तर:
मध्य प्रदेश के अशोक नगर में, 22 अगस्त, सन् 1919 ई० में।

प्रश्न 2.
श्री माथुर की प्रमुख चार रचनाओं के नाम लिखिए।
उत्तर:
नाश और निर्माण, धूप के धाम, शिलापंख चमकीले, जन्म कैद।

प्रश्न 3.
श्री माथुर का देहांत कब और कहाँ हुआ था?
उत्तर:
इनका देहांत 10 जनवरी, सन् 1994 ई० में दिल्ली में हुआ था।

प्रश्न 4.
‘आदमी का अनुपात’ कविता में इन्सान को कैसा बताया है ?
उत्तर:
अहंकारी, स्वार्थी, अविश्वासी, ईर्ष्या से भरा हुआ।

PSEB 12th Class Hindi Solutions Chapter 11 गिरिजा कुमार माथुर

प्रश्न 5.
इन्सान अपनी ईर्ष्या-अहंकार के कारण क्या करता है?
उत्तर:
इन्सान ईर्ष्या के कारण मानवता के विकास में बाधाएँ खड़ी करता है।

प्रश्न 6.
‘पंद्रह अगस्त’ कविता में कवि ने किस चिंता को व्यक्त किया है?
उत्तर:
कवि ने अपनी इस कविता में नवनिर्माण की चिंता और सावधानी बनाने के भावों को व्यक्त किया है।

प्रश्न 7.
कवि ने देश की स्वतंत्रता के बाद किन से डरने की चेतावनी दी है ?
उत्तर:
कवि ने देश के बाहरी और भीतरी शत्रुओं से डरने की चेतावनी दी है। हमारा देश अंग्रेजी साम्राज्य के कारण कमज़ोर हो चुका है।

प्रश्न 8.
मानव कल्याण के लिए कवि ने किसे उचित नहीं माना?
उत्तर:
कवि ने मानसिक संकीर्णता को मानव कल्याण के लिए उचित नहीं माना।

प्रश्न 9.
इस विशाल संसार में मनुष्य का अस्तित्व कैसा है?
उत्तर:
इस विशाल संसार में मनुष्य का अस्तित्व अति तुच्छ है।

प्रश्न 10.
कवि की दृष्टि में आधुनिक इन्सान कैसा हो गया है?
उत्तर:
आधुनिक इन्सान ईर्ष्या से भरा हुआ, घमंडी, अविश्वासी और घृणा के भावों से युक्त है। वह स्वयं दूसरों का स्वामी बनना चाहता है। वह व्यक्तिवादी और संकुचित सोच वाला है।

वाक्य पूरे कीजिए

प्रश्न 11.
लाखों ब्रह्माण्डों में……
उत्तर:
अपना एक ब्रह्मांड।

प्रश्न 12.
इस पर भी आदमी..
उत्तर:
ईर्ष्या, अहं, स्वार्थी, घृणा, अविश्वास लीन।

प्रश्न 13.
………………खुली समस्त दिशाएँ।
उत्तर:
विषम श्रृंखलाएँ टूटी हैं।

PSEB 12th Class Hindi Solutions Chapter 11 गिरिजा कुमार माथुर

प्रश्न 14.
लहर, तुम प्रवहमान रहना…………….
उत्तर:
पहरुए, सावधान रहना।

हाँ-नहीं में उत्तर दीजिए

प्रश्न 15.
जीत की रात में पहरुए आराम से रहना।
उत्तर:
नहीं।

प्रश्न 16.
इन्सान एक कमरे में भी दो दुनिया बनाता है।
उत्तर:
हाँ।

प्रश्न 17.
लाखों ब्रह्माण्डों में अपना एक बह्माण्ड।
उत्तर:
हाँ।

बहुविकल्पीय प्रश्नोत्तर

1. ‘नाश और निर्माण’ किस विधा की रचना है ?
(क) काव्य
(ख) गद्य
(ग) कहानी
(घ) उपन्यास
उत्तर:
(क) काव्य

2. कवि को कहां का सूचना अधिकारी नियुक्त किया गया ?
(क) भारत में
(ख) नेपाल में
(ग) संयुक्त राष्ट्र संघ में
(घ) संसद में।
उत्तर:
(ग) संयुक्त राष्ट्र संघ में

3. कवि को किसका उपनिदेशक नियुक्त किया गया ?
(क) आकाशवाणी लखनऊ का
(ख) आकाशवाणी दिल्ली का
(ग) सदन का
(घ) लोकसभा का।
उत्तर:
(क) आकाशवाणी लखनऊ का

4. कवि के अनुसार ब्राह्मांड कितने हैं ?
(क) लाखों
(ख) हज़ारों
(ग) सैंकड़ों
(घ) असंख्य।
उत्तर:
(क) लाखों

5. कवि के अनुरूप लाखों ब्रह्मांडों में आदमी का अनुपात कितना है ?
(क) तुच्छ
(ख) बड़ा
(ग) छोटा
(घ) भारी।
उत्तर:
(ग) छोटा

6. ‘पंद्रह अगस्त’ कविता में कवि ने देशवासियों को किसकी रक्षा के लिए सचेत किया है ?
(क) धन
(ख) स्वतंत्रता
(ग) परतंत्रता
(घ) देश
उत्तर:
(ख) स्वतंत्रता

गिरिजा कुमार माथुर सप्रसंग व्याख्या

आदमी का अनुपात

1. दो व्यक्ति कमरे में
कमरे से छोटे
कमरा है घर में
घर है मुहल्ले में
मुहल्ला नगर में
नगर है प्रदेश में
प्रदेश कई देश में
देश कई पृथ्वी पर
अनगिन नक्षत्रों में
पृथ्वी एक छोटी
करोड़ों में एक ही
सबको समेटे है
परिधि नभ-गंगा की

कठिन शब्दों के अर्थ:
आदमी का अनुपात = आदमी का अस्तित्व । अनगिन = असंख्य। परिधि = सीमा, घेरा। नभ गंगा = आकाश गंगा।

प्रसंग:
प्रस्तुत पद्यांश प्रगतिवादी कवि गिरिजा कुमार माथुर द्वारा लिखित काव्य संग्रह ‘शिलापंख चमकीले,’ में संकलित कविता ‘आदमी का अनुपात’ में से लिया गया है। प्रस्तुत कविता में कवि ने मानव की मानव के प्रति संकीर्ण सोच और व्यक्तिवादिता पर प्रकाश डालते इसे मानवता के कल्याण के लिए घातक बताया है।

व्याख्या:
कवि आदमी के अस्तित्व की विराट ब्रह्मांड से तुलना करते हुए कहता है कि दो व्यक्ति कमरे में रहते हैं। आकार की दृष्टि से वे कमरे से भी छोटे हैं। कमरा घर में है, घर मुहल्ले में, मुहल्ला नगर में, नगर प्रदेश (राज्य) में, प्रदेश देश में, देश पृथ्वी पर और पृथ्वी असंख्य नक्षत्रों की तुलना में बहुत छोटी प्रतीत होती है और आकाश गंगा अपनी सीमा में करोड़ों नक्षत्रों को समेटे हुए है।

विशेष:

  1. कवि ने इस विराट ब्रह्मांड में आदमी की स्थिति का मूल्यांकन किया है।
  2. भाषा तत्सम एवं भावपूर्ण प्रधान है।

PSEB 12th Class Hindi Solutions Chapter 11 गिरिजा कुमार माथुर

2. लाखों ब्रह्माण्डों में
अपना एक ब्रह्माण्ड
हर ब्रह्माण्ड में
कितनी ही पृथ्वियाँ
कितनी ही भूमियाँ
कितनी ही सृष्टियाँ
यह है अनुपात
आदमी का विराट में।

कठिन शब्दों के अर्थ:
ब्रह्माण्ड = सम्पूर्ण विश्व।

प्रसंग:
प्रस्तुत पंक्तियाँ गिरिजा कुमार माथुर द्वारा रचित कविता ‘आदमी का अनुपात’ से ली गई हैं, जिसमें कवि ने आदमी की वास्तविकता चित्रित की है।

व्याख्या:
विराट स्वरूप ब्रह्माण्ड के सामने आदमी को बहुत छोटा बतलाते हुए कवि कहता है कि संसार में लाखों ब्रह्माण्ड हैं जिनमें आदमी का भी एक ब्रह्माण्ड है, जिसमें वह रहता है। हर ब्रह्माण्ड में कितनी ही पृथ्वियाँ हैं, कितनी ही भूमियाँ हैं और कितनी ही सृष्टियाँ हैं, अतः आदमी का ब्रह्माण्ड इन ब्रह्माण्डों के सामने बहुत छोटा है। वह उसकी बराबरी कभी नहीं कर सकता।

विशेष:

  1. मनुष्य की अकिंचन स्थिति का वर्णन किया गया है।
  2. भाषा सहज तथा भावपूर्ण है।

3. इस पर भी आदमी
ईर्ष्या, अहं, स्वार्थ, घृणा, अविश्वास लीन
संख्यातीत शंख-सी दीवारें उठाता है
अपने को दूजे का स्वामी बताता है
देशों की कौन कहे
एक कमरे में
दो दुनियां रचाता है।

कठिन शब्दों के अर्थ:
लीन = लगा हुआ, मस्त। संख्यातीत = अनगिनत।

प्रसंग:
प्रस्तुत पक्तियाँ गिरिजा कुमार माथुर द्वारा रचित कविता ‘आदमी का अनुपात’ से ली गई हैं, जिसमें कवि ने आदमी की वास्तविकता चित्रित की है।

व्याख्या:
कवि कहता है कि यह जान लेने पर भी कि आदमी उस विराट के आगे बहुत छोटा है, वह ईर्ष्या, अहंकार स्वार्थ, घृणा और अविश्वास में डूबा रहता है और अनगिनत शंख के समान कठोर दीवारें खड़ी करता है अर्थात् मानवता के विकास में अनेक बाधाएँ खड़ी करता है। वह अपने को दूसरों का स्वामी बताता है। ऐसी हालत में देशों की बात कौन कहे आदमी एक कमरे में भी दो दुनिया बनाता है अर्थात् एक कमरे में रहने वाले दो व्यक्ति भी मिल कर नहीं रह सकते। दोनों ही अपने-अपने रास्ते पर चलते हैं, एक-दूसरे से परे रहते हैं। मानव कल्याण के लिए यह स्थिति उपयुक्त नहीं है।

विशेष:

  1. मनुष्य अपने अहंकार के कारण ही परस्पर झगड़ता रहता है।
  2. भाषा तत्सम प्रधान तथा भावपूर्ण है।

पन्द्रह अगस्त

1. आज जीत की रात
पहरुए सावधान रहना
खुले देश के द्वार
अचल दीपक समान रहना
प्रथम चरण है नये स्वर्ग का
है मंजिल का छोर
इस जन-मंथन में उठ आई
पहली रत्न हिलोर
अभी शेष है पूरी होना
जीवन-मुक्ता डोर
क्योंकि नहीं मिट याई दुख की
विगत साँवली कोर
ले युग की पतवार
बने अंबुधि महान रहना
पहरुए, सावधान रहना।

कठिन शब्दों के अर्थ:
जीत की रात = स्वतन्त्रता प्राप्ति की रात। पहरुए = देश वासी, देश के रक्षक। सावधान रहना = सचेत रहना। अचल = स्थिर। छोर = किनारा। हिलोर = तरंग। जीवन-मुक्ता = जीवन रूपी मोतियों की। विगत = बीती हुई। साँवली-अँधेरी = प्राचीन दुःखों और कष्टों भरा गुलामी का इतिहास । जल-मंथन = जन आन्दोलन। कोर = किनारा। अंबुधि = समुद्र।

प्रसंग:
प्रस्तुत पद्यांश कवि गिरिजा कुमार माथुर जी की काव्यकृति ‘धूप के धान’ में संकलित कविता ‘पन्द्रह अगस्त’ में से लिया गया है। प्रस्तुत कविता में कवि ने स्वतन्त्रता प्राप्ति के बाद बाहरी ओर भीतर शत्रुओं से सावधान रह कर स्वतन्त्रता की रक्षा करने की बात कही है।

व्याख्या:
कवि कहते हैं कि आज जीत की रात है अर्थात् वर्षों की गुलामी के बाद संघर्ष करके हम ने स्वतन्त्रता प्राप्त की है अतः हे देशवासियो ! इस स्वतन्त्रता की रक्षा करने के लिए तुम सावधान अर्थात् सचेत रहना। देश के द्वार खुल गए हैं अर्थात् देश पराधीनता से मुक्त हो गया है इसलिए तुम स्थिर दीपक बन कर रहना। इन नए स्वर्ग का अर्थात् स्वतन्त्र भारत का यह पहला चरण है और लक्ष्य का प्रारम्भ है। इस जन आन्दोलन से अर्थात् जनता के निरन्तर संघर्ष से स्वतन्त्रता की यह रत्नों से युक्त लहर उठी है। अभी जीवन रूपी मोतियों के इस सूत्र में अनेक मोती पिरोये जाने शेष हैं। क्योंकि अभी तक बीते हुए काले किनारे अर्थात् परतन्त्रता के दिनों के दुःख भरे चिह्न बाकी हैं। अतः हे भारतवासियो ! समय की पतवार लेकर महान् समुद्र के समान बन कर रहना है। हे भारतवासियो ! तुम्हें अपनी स्वतन्त्रता की रक्षा के लिए जागरूक रहना है।

विशेष:

  1. कवि देशवासियों को अपनी स्वतन्त्रता की रक्षा के लिए सावधान रहने के लिए कह रहा है।
  2. भाषा तत्सम प्रधान भावपूर्ण है। रूपक अलंकार है।

2. विषम श्रृंखलाएँ टूटी हैं
खुली समस्त दिशाएँ
आज प्रभजन बनकर चलती
युग-बंदिनी हवाएँ
प्रश्न चिह्न बन खड़ी हो गई
यह सिमटी सीमाएँ
आज पुराने सिंहासन की
टूट रही प्रतिमाएँ
उठत है तूफान, इन्दु तुम
दीप्तिमान रहना
पहरुए, सावधान रहना।

कठिन शब्दों के अर्थ:
विषम श्रृंखलाएँ = पराधीनता की भयानक जंजीरें। प्रभंजन = आँधी, तूफान । पुराने सिंहासन = पुरानी मान्यताएँ या पुराने साम्राज्य-अंग्रेज़ी शासक। टूट रही प्रतिमाएँ = मूर्तियाँ टूट रही हैं अर्थात् अंग्रेजी शासन के चिह्न नष्ट हो रहे हैं। इंदु = चन्द्रमा। दीप्तिमान रहना = जग मगाते रहना।

प्रसंग:
प्रस्तुत पंक्तियाँ गिरिजा-कुमार माथुर द्वारा रचित कविता ‘पन्द्रह अगस्त’ से ली गई हैं, जिसमें कवि देशवासियों को अपनी स्वतंत्रता की रक्षा करने की प्रेरणा दी है।

व्याख्या:
कवि कहते हैं कि पराधीनता की भयानक जंजीरें टूट गई हैं-भारत अब स्वतन्त्र हो गया है और निर्माण और प्रगति के सारे मार्ग खुल गए हैं किन्तु अभी तक बाहरी शत्रु जो हमारी सीमाओं पर खड़ा है कि जब भी हम असावधान हुए वह आक्रमण कर सकता है। जो तूफ़ानी हवा बन कर बह रहा है। आज हमारी सीमाएँ प्रश्न चिह्न बन कर खड़ी हो गई हैं। ये सीमाएँ हमारे निकट आ गई हैं। आज भले ही अंग्रेजी शासन की सभी मूर्तियाँ टूट रही हैं अर्थात् उसके सभी चिह्न नष्ट हो गए हैं किन्तु भीतरी शत्रु-अभावग्रस्तता, ग़रीबी, बेरोज़गारी, साम्प्रदायिक वैमनस्य की भावना रूपी तूफान अभी उठ रहा है। अतः हे चन्द्रमा ! तुम जगमगाते रहना। हे भारतवासियो ! तुम इन बाहरी और भीतरी शत्रुओं से सावधान रहना, जागरूक रहना।

विशेष:

  1. कवि ने देशवासियों को बाहरी तथा आंतरिक शत्रुओं से सावधान रहने के लिए कहा है।
  2. भाषा तत्सम प्रधान तथा भावपूर्ण है।

PSEB 12th Class Hindi Solutions Chapter 11 गिरिजा कुमार माथुर

3. ऊँची हुई मशाल हमारी
आगे कठिन डगर है
शत्रु हट गया लेकिन उसकी
छायाओं का डर है
शोषण से मृत है समाज
कमज़ोर हमारा घर है
किन्तु आ रही नई जिन्दगी
यह विश्वास अमर है
जनगंगा में ज्वार,
लहर, तुम प्रवहमान रहना
पहरुए, सावधान रहना।

कठिन शब्दों के अर्थ:
डगर = रास्ता। शत्रु = अंग्रेज़। शोषण = दमन। मृत = मुर्दा । ज्वार = तूफान। प्रवाहमान = गतिशील।

प्रसंग:
प्रस्तुत पंक्तियाँ गिरिजा कुमार माथुर द्वारा रचित कविता ‘पन्द्रह अगस्त’ से ली गई हैं, जिसमें कवि देशवासियों को अपनी स्वतंत्रता की रक्षा करने की प्रेरणा दी है।

व्याख्या:
कवि कहता है कि स्वतन्त्रता प्राप्त करके हमारी मशाल ऊँची हो गई है किन्तु आगे रास्ता बड़ा कठिन है। अंग्रेज़ रूपी शत्रु तो चले गए हैं परन्तु अभी उनका प्रभाव पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ तात्पर्य यह है कि भारतीय स्वतन्त्रता अभी तक पूरी तरह भयमुक्त नहीं हुई है, अभी तक बाहरी और भीतरी शत्रु का भय बना हुआ है। हमारा समाज अंग्रेज़ी दमन के कारण मुर्दे के समान हो चुका है.। इस पर हमारा अपना घर भी कमज़ोर है किन्तु हम में एक नई ज़िन्दगी आ रही है यह अमर-विश्वास है। आज जनता रूपी गंगा में तूफान उठ रहा है अतः अरी लहर तुम गतिशील रहना। हे भारतवासियो ! अपनी स्वतन्त्रता की रक्षा के लिए तुम सदा सावधान रहना, जागरूक रहना।

विशेष:

  1. कवि देशवासियों को अपनी स्वतंत्रता की रक्षा के लिए प्रेरित किया है।
  2. भाषा सरल तथा भावपूर्ण है। उद्बोधनात्मक स्वर है।

गिरिजा कुमार माथुर Summary

गिरिजा कुमार माथुर जीवन परिचय

गिरिजा कुमार माथुर जी का जीवन परिचय लिखिए।

गिरिजा कुमार माथुर का जन्म 22 अगस्त, सन् 1919 ई० को मध्यप्रदेश के अशोक नगर में हुआ। लखनऊ विश्वविद्यालय से अंग्रेजी साहित्य में एम० ए० तथा एल० एल० बी० पास करके आपने झाँसी में कुछ समय तक वकालत की और बाद में आकाशवाणी में नौकरी कर ली। सन् 1950 में आपको संयुक्त राष्ट्र संघ में सूचना अधिकारी नियुक्त किया गया। सन् 1953 में वापस आकर इन्हें आकाशवाणी लखनऊ के उपनिदेशक पद पर नियुक्त किया गया। इन्होंने आकाशवाणी जालन्धर में भी कार्य किया और दिल्ली केन्द्र से उप महानिदेशक पद से सेवानिवृत्त हुए। इनका निधन 10 जनवरी, सन् 1994 को नई दिल्ली में हो गया था।

इनकी नाश और निर्माण, धूप के धान, शिलापंख चमकीले, जो बंध नहीं सका, भीतरी नदी की यात्रा, जन्म कैद आदि प्रमुख रचनाएँ हैं।

गिरिजा कुमार माथुर कविताओं का सार

आदमी का अनुपात कविता में कवि ने अहंकारी मनुष्य को बताया है कि लाखों ब्रह्मांडों के मध्य उसका अनुपात कितना तुच्छ है, फिर भी वह स्वार्थवश अपनी अलग दुनिया रचना चाहता है, यहाँ तक कि एक कमरे में दो आदमी भी मिलकर नहीं रह पाते। ‘पन्द्रह अगस्त’ कविता ने देशवासियों को अपनी स्वतन्त्रता की रक्षा के लिए सचेत रहने के लिए कहा है क्योंकि हमारी स्वतंत्रता पर बाहरी सीमा से शत्रु तथा आंतरिक रूप से देश की समस्याएं आक्रमण कर सकती हैं। इसलिए हमें सदा सजग प्रहरी बनकर इनसे जूझना होगा।

Leave a Comment